Dharamshala, Rahul-:हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बुधवार को धर्मशाला स्थित जोरावर स्टेडियम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा 4 दिसंबर को कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा व शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने जा रही है। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे भाजपा कार्यकर्ता और नेता सरकारी कार्यप्रणाली पर जनता की राय लेने पहुंचे, प्रदेशवासियों में भारी असंतोष देखने को मिला। जहां पहले किसी क्षेत्र से सौ लोगों के आने की उम्मीद थी, अब वहां से हजारों की संख्या में लोग प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने को तैयार हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश का शायद ही कोई वर्ग होगा जो सुक्खू सरकार की नीतियों से नाराज़ न हो। बेरोजगार युवा सड़कों पर भटक रहे हैं, जबकि सरकार की गारंटियों का कोई ठोस परिणाम नहीं दिखा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन वादों के आधार पर कांग्रेस सत्ता में आई, वे आज लोगों के लिए बोझ बन चुके हैं। विशेषकर महिलाओं में नाराज़गी अधिक है, क्योंकि 1500 रुपये प्रतिमाह की घोषणा तीन वर्षों बाद भी पूरी नहीं हुई और लगभग 54-54 हजार रुपये का कर्ज अब एक-एक महिला के खाते में चढ़ चुका है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है और बढ़ते नशे व माफिया राज ने आम नागरिकों को चिंतित कर दिया है। भाजपा “व्यवस्था परिवर्तन के तीन साल – बदलो भ्रष्ट कांग्रेस सरकार” के नारे के साथ यह विरोध प्रदर्शन करेगी। बिंदल ने कहा कि भाजपा शांति से अपना विरोध दर्ज कराएगी, लेकिन यदि सरकार ने पुलिस बल के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो उसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार पर होगी।
एबीवीपी पर हालिया पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठियां बरसाना लोकतंत्र की हत्या है। यह घटना सरकार की जनविरोधी मानसिकता को दर्शाती है।