चंडीगढ़ | हरियाणा में युवाओं के लिए बड़ी पहल की गई है। राज्य सरकार ने युवा वर्ग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विदेशी भाषाओं में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इस योजना के तहत जर्मन, जापानी और इतालवी जैसी भाषाएं युवाओं को निशुल्क सिखाई जाएंगी।
हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के निदेशक मंडल ने “विदेशी भाषा सहायता एवं प्रतिपूर्ति योजना” को मंजूरी दी है, जिसका लक्ष्य वैश्विक स्तर के अनुरूप दक्ष कार्यबल तैयार करना है। इस योजना के तहत प्रमाणित उम्मीदवारों का एक तैयार पूल तैयार होगा, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय नौकरी की मांग उत्पन्न होते ही रोजगार के लिए तैनात किया जा सकेगा।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बोर्ड की 12वीं बैठक में कई महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कौशल विकास, रोजगार सृजन और कार्यबल के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि वैश्विक गतिशीलता में भाषा प्रवीणता अब रोजगार का महत्वपूर्ण घटक बन गई है, इसलिए यह योजना युवाओं के लिए भविष्य में अवसरों के दरवाजे खोलने में अहम भूमिका निभाएगी।