दिल्ली | दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के बीच गुरुवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदूषण की गंभीर स्थिति और नागरिकों की सेहत को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री की कथित ‘मौसम वाली टिप्पणी’ पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा, “किस मौसम का मजा लें? बाहर देखें न, स्थिति इतनी गंभीर है कि छोटे बच्चे सांस नहीं ले पा रहे हैं। बुजुर्ग और दमा पीड़ित लोग भी बेहद परेशान हैं।”
प्रियंका गांधी ने कहा कि हर साल दिल्ली-एनसीआर की हवा और खराब होती जा रही है, लेकिन सरकार ठोस कदम उठाने के बजाय केवल बयानबाजी करती है। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि जनता की सेहत का सवाल है।
सांसदों के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण के इस संकट से निपटना सरकार की जिम्मेदारी है। सोनिया गांधी ने शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे पर तुरंत चर्चा की मांग की और बताया कि दमा से पीड़ित बच्चे और बुजुर्ग इस प्रदूषण से गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
इस विरोध प्रदर्शन में विपक्ष ने सरकार से दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की बार-बार अपील की। प्रदूषण नियंत्रण न होने के कारण राजधानी में सांस लेना मुश्किल हो गया है, जिससे लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा गंभीर संकट में है।