चंडीगढ़ I कड़ाके की ठंड के बीच शनिवार सुबह किलोई–पोलंगी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह लगभग पौने आठ बजे एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही वे पीएसआई गौरव के साथ मौके पर पहुंचे। हाइवा के टायरों के नीचे आने से दोनों शव बुरी तरह क्षत-विक्षप्त हो चुके थे। सड़क पर मांस के टुकड़े दूर तक बिखरे हुए थे, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाज़ लगाया जा सकता है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्राथमिक जांच शुरू की और मृतकों की पहचान की कोशिशें जारी हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और हाइवा चालक की तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद इलाके में भय और शोक का माहौल है।