Ambala, 7 December-:डी.ए.वी. कॉलेज, अंबाला शहर में आर्य युवा समाज द्वारा आज 100 कुंडीय विशाल हवन यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। पूरे परिसर में वेद मंत्रों की पवित्र ध्वनि गूँजती रही और अध्यात्म व सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व मंत्री असीम गोयल मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे, जहां पहुँचने पर आयोजकों ने उनका हार्दिक स्वागत किया।
इस विशाल हवन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों को रोकने के लिए जागरूकता फैलाना था। आर्य युवा समाज द्वारा किए जा रहे इस सांस्कृतिक एवं सामाजिक प्रयास की पूर्व मंत्री असीम गोयल ने सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब नशे की लत तेज़ी से युवा पीढ़ी को अपनी चपेट में ले रही है, ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा दिखाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं।असीम गोयल ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नशा-मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की जिम्मेदारी सिर्फ सरकारी प्रयासों की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार भी नशा-उन्मूलन के लिए विभिन्न स्तरों पर अभियान चला रही है तथा लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत करा रही है। सरकार का लक्ष्य नशे को जड़ से मिटाकर युवाओं को सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, समाजसेवी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से नशा-मुक्ति के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में आयोजकों ने पूर्व मंत्री असीम गोयल का आभार व्यक्त किया और समाज सुधार के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।