प्रशासन ने दी फौरी राहत
Chamba, Manjur Pathan-:चुराह विधानसभा क्षेत्र की जुगरा पंचायत के शावा गांव में शादी समारोह खुशियों से भरा हुआ था, लेकिन देर शाम एक हादसे ने माहौल को दहशत में बदल दिया। पारंपरिक नृत्य के दौरान अचानक एक कच्चा मकान ढह गया, जिसके मलबे में दबकर 31 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल तीसा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से चार लोग गंभीर रूप से घायल थे जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है।
प्रशासन की ओर से राहत कार्य तेजी से चलाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को तत्काल राहत के तौर पर पाँच–पाँच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है, जबकि एक व्यक्ति ने सहायता राशि लेने से मना कर दिया। शेष घायलों को भी मैनुअल के अनुसार राहत राशि देने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद से चुराह प्रशासन लगातार अस्पतालों में हालात पर नजर बनाए हुए है और हर संभव सहयोग प्रदान करने की बात कही है।
एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि कच्चा मकान गिरने से 31 लोग घायल हुए थे जिनमें चार की हालत अधिक गंभीर थी। सभी घायलों को नागरिक अस्पताल तीसा लाया गया, जबकि गंभीर चार व्यक्तियों को बेहतर उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा त्वरित राहत के रूप में तीन गंभीर घायलों को पांच –पांच हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। अन्य घायलों को भी शीघ्र ही नियमों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन पीड़ितों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ा है और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।