Shimla, Sanju-:कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत शिमला जिला में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुँच गई है। नियुक्त ऑब्ज़र्वर संजना जाटव ने शिमला शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से विस्तृत फीडबैक लिया। अभियान के दौरान प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला शहर से 10 और शिमला ग्रामीण से 25 नेताओं ने जिलाध्यक्ष बनने के लिए आवेदन किया है। इस तरह कुल 35 दावेदारों ने जिला नेतृत्व की कमान संभालने में अपनी रुचि दिखाई है।
संजना जाटव ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और सक्रिय सदस्यों के विचारों को गंभीरता से सुना गया। उन्होंने कहा कि अब सारी रिपोर्ट को आलाकमान को भेजा जाएगा, जिसके बाद लगभग एक महीने के भीतर जिला शिमला में नए कांग्रेस जिलाध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चयन प्रक्रिया में सभी वर्गों और क्षेत्रों का संतुलन बनाए रखने की पूरी कोशिश की जाएगी।
हाल ही में हिमाचल कांग्रेस में बड़ा बदलाव हुआ है जहा विनय कुमार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए अध्यक्ष के पदभार संभालते ही राज्य में संगठन सृजन अभियान को और तेज़ी से आगे बढ़ाया गया है। यह अभियान 8 दिसंबर को पूरा होना निर्धारित है। हर जिले में कांग्रेस ने संगठनात्मक समीक्षा के लिए ऑब्ज़र्वर नियुक्त किए हैं, जो अपने-अपने जिलों की रिपोर्ट तैयार कर हाईकमान को सौंपेंगे।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भी आगामी तीन महीनों के भीतर प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन का वादा किया है। उनके अनुसार, संगठन को मज़बूत और सक्रिय बनाने के लिए जिलों में नए नेतृत्व का चयन एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।