गोहाना | गोहाना में खेत की रखवाली करने गए 23 वर्षीय युवक प्रदीप की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मात्र 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि हत्या की जड़ पैसों का लेन-देन था, जिसे लेकर आरोपी और मृतक के बीच विवाद हुआ था।
कैसे हुआ पूरा मामला?
राणाखेड़ी निवासी जिले सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा प्रदीप 8 दिसंबर की रात करीब 9 बजे बरसीम खेत की निगरानी करने गया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो पिता और भाई सत्यवान उसे देखने पहुंचे। खेत के पास रास्ते में प्रदीप मृत हालत में पड़ा मिला। उसके गले और अंगूठे पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे हत्या की आशंकाएं और मजबूत हो गई थीं।
जांच में खुलासा: शराब के बाद बढ़ा विवाद, बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप की गांव के ही राजेश के साथ दोस्ती थी और दोनों अक्सर साथ बैठते थे। हत्या वाली रात दोनों ने खेत के पास बैठकर शराब पी। इसी दौरान 20,000 रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि गुस्से में आए राजेश ने प्रदीप का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद राजेश ने शव को अपनी रिक्शा में डालकर खेत के पास फेंक दिया और फरार हो गया।
पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा आरोपी
गोहाना के एसीपी राहुल देव ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी और मौके के साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राजेश को 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि वारदात से जुड़े और पहलुओं की जांच की जा सके।