करनाल | करनाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर घरौंडा स्थित विश्राम गृह के पास बुधवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार डंपर ने बरात में शामिल सात वाहनों को अचानक टक्कर मार दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। हादसे में करीब दो दर्जन से अधिक बाराती घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरात घरौंडा के गांव रसीन से पलहेड़ी की ओर जा रही थी। बराती वाहन हाईवे के किनारे नियंत्रित रफ्तार में चल रहे थे, तभी पीछे से आए तेज डंपर ने एक के बाद एक कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ियों के आगे–पीछे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही घरौंडा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को दोबारा सुचारु कराया। पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंपर तेज रफ्तार में था और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह टक्कर हुई। पुलिस सभी वाहनों की स्थिति, ड्राइवरों के बयान और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।