नई दिल्ली | देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने उन यात्रियों के लिए मुआवजा देने का ऐलान किया है जिनकी उड़ानें 3, 4 और 5 दिसंबर को रद्द या अत्यधिक विलंबित हुईं। एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा की कि गंभीर रूप से प्रभावित यात्रियों को 10,000 रुपये के ट्रैवल वाउचर दिए जाएंगे। यह वाउचर अगले 12 महीनों तक किसी भी इंडिगो की फ्लाइट के लिए उपयोग किए जा सकते हैं।
दिसंबर की शुरुआत में लगातार कई उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों को लंबा इंतजार और असुविधा झेलनी पड़ी थी। एयरलाइन ने बताया कि यह मुआवजा सरकारी दिशानिर्देशों के तहत मिलने वाले मुआवजे के अतिरिक्त है। सामान्य नियमों के अनुसार, जिन यात्रियों की उड़ानें डिपार्चर टाइम से 24 घंटे के भीतर रद्द हुईं, उन्हें 5,000 से 10,000 रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा।
इंडिगो ने यह भी स्पष्ट किया कि रद्द हुई उड़ानों के रिफंड प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। अधिकांश रिफंड यात्रियों के बैंक अकाउंट में जमा हो चुके हैं, जबकि शेष जल्द ही प्रोसेस किए जाएंगे। ट्रैवल एजेंट के माध्यम से बुकिंग करने वाले यात्रियों के लिए भी रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जरूरत पड़ने पर ग्राहक customer.experience@goindigo.in पर ईमेल कर सकते हैं।
एयरलाइन के बयान में कहा गया है कि 3, 4 और 5 दिसंबर को एयरपोर्ट पर घंटों फंसे हुए यात्रियों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए यह विशेष मुआवजा दिया जा रहा है। वाउचर के माध्यम से प्रभावित यात्रियों को भविष्य की यात्रा में सहूलियत मिल सकेगी। इंडिगो के इस कदम से विमानन क्षेत्र में हुई इस बड़ी असुविधा को दूर करने और यात्रियों का विश्वास बनाए रखने में मदद मिलेगी।