अंबाला। अंबाला छावनी के सेक्टर-33 में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) का 100 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। श्रम मंत्री अनिल विज की पहल पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने अस्पताल निर्माण के लिए भूमि आवंटन पत्र जारी कर दिया है, जिससे परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है।
श्रम मंत्री अनिल विज ने जानकारी दी कि यह आधुनिक अस्पताल अंबाला छावनी के साथ-साथ साहा औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के जिलों के हजारों औद्योगिक श्रमिकों व उनके परिवारों के लिए गुणवत्ता युक्त स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के लिए भूमि अलॉट होने के बाद ईएसआईसी द्वारा शीघ्र ही भुगतान किया जाएगा और निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा।
विज ने बताया कि अंबाला छावनी और साहा क्षेत्र में बड़ी संख्या में बीमित कर्मचारी काम कर रहे हैं, और यह अस्पताल उनके लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र साबित होगा। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार और संबंधित विभागों के साथ निरंतर संपर्क में रहे हैं। यह अस्पताल बीमित समुदाय के लिए बेहतर, समयबद्ध और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम है।
अस्पताल में उपलब्ध होंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ
श्रम मंत्री ने बताया कि यह 100 बिस्तरों वाला अस्पताल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, अस्थि रोग, ईएनटी, नेत्र, त्वचा और मनोरोग जैसी प्रमुख सेवाएँ प्रदान करेगा। अस्पताल में 24×7 आपातकालीन व ट्रॉमा केयर, आधुनिक आईसीयू, उन्नत जांच सुविधाएँ, इन-पेशेंट, आउट-पेशेंट और डे-केयर सेवाएँ भी उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल के शुरू होने से बीमित व्यक्तियों और उनके आश्रितों को समय पर और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ घर के नज़दीक ही मिल सकेंगी। यह परियोजना अंबाला और आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।