धर्मशाला को बताया खास मैदान
Dharamshala, Rahul-:भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले साउथ अफ्रीका टीम पूरी तरह आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही है। धर्मशाला में आयोजित प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में साउथ अफ्रीका के कोच शुक्री कोनार्ड ने भारतीय टीम और खासतौर पर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की खुलकर सराहना की। कोनार्ड ने कहा कि बुमराह मौजूदा दौर के वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं, जिनकी मौजूदगी किसी भी मैच का रुख पलट सकती है।
कोच कोनार्ड ने माना कि बुमराह जैसे गेंदबाज के खिलाफ बल्लेबाजी करना आसान नहीं होता, लेकिन उनकी टीम ने इसके लिए पूरी तैयारी की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसे खिलाड़ियों का सामना करना टीम को और बेहतर बनाता है।धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की खूबसूरती से प्रभावित नजर आए साउथ अफ्रीका कोच ने इसे दुनिया के सबसे सुंदर मैदानों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों के बीच बना यह स्टेडियम खिलाड़ियों को अलग ही ऊर्जा देता है और यहां खेलना हर क्रिकेटर के लिए यादगार अनुभव होता है।
अपनी टीम की तैयारियों पर बात करते हुए कोनार्ड ने कहा कि साउथ अफ्रीका की टीम हर विभाग में संतुलित है। बल्लेबाजी क्रम में एडेन मार्करम को उन्होंने टीम का अहम खिलाड़ी बताया और भरोसा जताया कि वह किसी भी पोजिशन पर उतरकर टीम के लिए अहम योगदान दे सकते हैं।मैच के दौरान ओस की भूमिका पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कोनार्ड ने कहा कि परिस्थितियों को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम हर चुनौती के लिए तैयार है और तीसरे टी-20 मुकाबले में जीत हासिल कर सीरीज में अपनी बढ़त को मजबूत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।