यमुनानगर | यमुनानगर में एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर पांच लाख रुपये ठग लिए गए। मामला सदर थाना क्षेत्र का है, जिसमें आरोप कुरुक्षेत्र के लाडवा निवासी वीजा एजेंट प्रमोद कांबोज पर लगा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपित ने युवक को ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा दिलाने का झांसा दिया। शुरुआती तीन महीनों में वीजा की प्रक्रिया पूरी होने का आश्वासन दिया गया। 25 अगस्त 2023 को युवक ने पांच लाख रुपये और आवश्यक दस्तावेज आरोपित को सौंप दिए।
मगर आरोपित ने लगभग छह महीने बाद कहा कि ऑस्ट्रेलिया वीजा फाइल रिजेक्ट हो गई है। इसके बाद उसने कनाडा वीजा और फिर यूके वीजा लगवाने का झांसा देना शुरू किया। एक वर्ष तक प्रयास करने के बाद भी वीजा नहीं लगा और जब युवक ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपित ने केवल दस्तावेज लौटाए, लेकिन रुपये नहीं लौटाए।
युवक दीपांशु, गांव साबापुर, ने पुलिस को शिकायत दी कि प्रमोद कांबोज ने लाडवा में कार्यालय खोल रखा था और लोगों को विदेश भेजने का दावा कर ठगी करता था। जांच में पता चला कि आरोपी ने कई अन्य लोगों से भी इसी तरह पैसे ठगे हैं।
सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।