लुधियाना | ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पूर्वी तहसील में जाली एन.ओ.सी. लगाकर प्लाटों की रजिस्ट्री करवाने वाले एजेंटों और कुछ कर्मचारियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई किसी भी समय हो सकती है। यह गिरोह लंबे समय से सब रजिस्ट्रार दफ्तर में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों की मदद से फर्जी दस्तावेजों के जरिए रजिस्ट्री करवा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, इस गोरखधंधे की शिकायतें पहले ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर को की जा चुकी हैं। एक विशेष मामले में जाली एन.ओ.सी. द्वारा करवाई गई रजिस्ट्री के चलते 1 दिसंबर 2025 को थाना मोती नगर में धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज बनाने का मामला दर्ज किया गया। इसमें आरोपी जोगा सिंह (प्लाट बेचने वाला) और बलजिंदर कौर (प्लाट खरीदने वाली) शामिल हैं। बाकी आरोपी और कर्मचारियों की जांच भी जारी है।
जिला रैवेन्यू एडवोकेट एसोसिएशन के प्रधान, एडवोकेट डेविड गिल ने बताया कि इस गोरखधंधे से जुड़े लोग रिश्वतखोरी करके करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति भी बना चुके हैं।
न्यू एकता वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान दिनेश कुमार बस्सी ने कहा कि मुख्यमंत्री को चाहिए कि जाली एन.ओ.सी. लगाकर रजिस्ट्री करवाने वाले सभी एजेंटों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति फर्जी दस्तावेज बनाकर सरकारी प्रक्रिया को धोखा न दे सके।
पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच जारी है और सभी दोषियों को जल्द ही कानून के अनुसार सजा दिलाई जाएगी।