यूपीए के जनहितकारी कानूनों को कमजोर कर रही है केंद्र सरकार
Mandi, Dharamveer-:मंडी में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध रैली निकालकर मनरेगा में किए गए बदलावों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस तरह किसान विरोधी कानूनों को वापस लेकर केंद्र सरकार को किसानों से माफी मांगनी पड़ी थी, उसी तरह मनरेगा में किए गए बदलावों पर भी पीएम मोदी को देश की गरीब जनता से माफी मांगनी पड़ेगी।
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में मनरेगा जैसा क्रांतिकारी कानून लागू किया गया था, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी दी और गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद से केंद्र की मोदी सरकार लगातार मजदूर और किसान विरोधी फैसले ले रही है।विरोध रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर बैनर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार मनरेगा के बजट में बढ़ोतरी करने के बजाय हर साल कटौती कर रही है और नए बदलावों के जरिए केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी कम कर राज्य सरकारों पर आर्थिक बोझ डालना चाहती है।उन्होंने चेतावनी दी कि मनरेगा को कमजोर करने की किसी भी साजिश को कांग्रेस सफल नहीं होने देगी। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार मनरेगा में किए गए बदलावों को वापस नहीं लेती और गरीब व मजदूर वर्ग से माफी नहीं मांगती, तब तक कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन जारी रहेगा।