रोहतक | हरियाणा के रोहतक जिले में दो अलग-अलग हत्याकांडों ने शहर में सनसनी फैला दी है। पहली घटना सोनीपत स्टैंड क्षेत्र की है, जहां देर रात एक युवक की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अंकित के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि अंकित शाम को घर से फूल लेने निकला था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।
परिजन उसे गंभीर हालत में तुरंत रोहतक स्थित PGI अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
दूसरी घटना माता दरवाजा क्षेत्र की है, जहां 28 वर्षीय माया नामक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक महिला इलाके में ब्यूटी पार्लर संचालित करती थी। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे माया ने पार्लर खोला, और कुछ ही देर बाद एक युवक वहां आया। चंद मिनटों के भीतर उसने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। बाद में पार्लर में माया के रिश्तेदार ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
डीएसपी रवि खुंडिया और एफएसएल स्पेशल प्रभारी डॉ. सरोज दहिया ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस दोनों मामलों में अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
इन घटनाओं के बाद रोहतक में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।