नांदेड़ |महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक किसान परिवार की चार मौतों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मुदखेड तालुका के जवाला मुरार गांव में सामने आई इस दर्दनाक घटना में घर के अंदर माता-पिता के शव मिले, जबकि उनके दोनों बेटों की लाशें नजदीकी रेलवे ट्रैक से बरामद की गईं। पुलिस इस मामले को सामूहिक आत्महत्या के एंगल से जांच रही है।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने घर के भीतर 51 वर्षीय रमेश सोनाजी लखे और उनकी 45 वर्षीय पत्नी राधाबाई लखे को मृत अवस्था में देखा। दोनों के शव खाट पर पड़े हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इसके कुछ समय बाद परिवार के दोनों बेटों—25 वर्षीय उमेश और 23 वर्षीय बजरंग—के शव गांव के पास रेलवे लाइन पर मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवकों ने तेज रफ्तार ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की।
पुलिस के अनुसार, शवों की स्थिति से प्रतीत होता है कि चारों मौतें एक ही रात में हुई हैं। मृतक परिवार सीमांत किसान था और खेती के सहारे जीवन यापन कर रहा था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आर्थिक तंगी, पारिवारिक दबाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।