पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर देवीलाल पार्क के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक ट्रेलर ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल युवक अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, शौलाका गांव निवासी इरशाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने साथी ईसा के साथ गुरुवार रात कैंप मार्केट से काम निपटाकर घर लौटने के लिए सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उनके गांव के ही दो युवक—मजलिस और मुस्ताक—मोटरसाइकिल पर सवार होकर फ्लाईओवर से होडल की ओर उतर रहे थे। तभी फरीदाबाद की तरफ से आ रहे भारी सामान से लदे ट्रेलर ने तेज गति और लापरवाही से बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए। हादसे के बाद चालक नीचे उतरा, लेकिन मौके पर जमा भीड़ का फायदा उठाकर ट्रेलर वहीं छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से ट्रेलर के टायरों के बीच फंसे मुस्ताक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल मजलिस को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पलवल के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस ने हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्रेलर को सड़क किनारे कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।