लुधियाना | थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने थाना डिवीजन नंबर-4 के प्रभारी इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह देहल पर जानलेवा हमले की घटना के सिलसिले में तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
थाना सलेम टाबरी के प्रभारी इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह ग्रेवाल ने जानकारी दी कि यह मामला मंगलवार शाम का है, जब इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह देहल ने अपनी टीम के साथ नाकाबंदी अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान एक काले रंग की क्रेटा कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने रुकने की बजाय गाड़ी को तेज़ी से भगाया और रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मारते हुए बहादुरके रोड की ओर निकल गया।
पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में आरोपी फरार
इंस्पेक्टर ग्रेवाल ने बताया कि कार चला रहा लव गिल नामक आरोपी रास्ते में पुलिस टीम पर गोलीबारी करने लगा। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, लेकिन आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
हत्या की कोशिश व अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज
पुलिस ने इस हमले को गंभीरता से लेते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 307 (हत्या की कोशिश) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए दबिशें दी जा रही हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।