खरखौदा (सोनीपत) | खरखौदा की अनाज मंडी में आयोजित होने वाली खरखौदा विकास रैली को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। प्रशासनिक स्तर पर शनिवार को व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
शनिवार सुबह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने विधायक पवन खरखौदा के साथ रैली स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। रैली को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इसके बाद अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने अनाज मंडी स्थित आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मंच और पंडाल निर्माण, बैठने की व्यवस्था, सांस्कृतिक मंच, वीआईपी एवं मीडिया गैलरी, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, स्वच्छता, शौचालय, एंबुलेंस, मेडिकल सुविधाएं और सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण से पहले अतिरिक्त उपायुक्त ने एसडीएम कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सौंपे गए कार्यों का ईमानदारी और समयबद्ध तरीके से निर्वहन सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था के लिए वैकल्पिक मार्गों की योजना, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग स्थलों पर कर्मियों की नियुक्ति और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर पालिका को आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई, कूड़ा प्रबंधन और शौचालयों की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, एसीयूटी योगेश दिल्हौर, डीसीपी कुशल सिंह, एसएमडीए की एडिशनल सीईओ वीना हुड्डा, एसडीएम निर्मल नागर, एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, एसीपी जीत बेनीवाल, एसीपी राजदीप मोर, थाना प्रभारी पवन मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
खरखौदा की जनता की प्रमुख अपेक्षाएं
- प्रस्तावित गोहाना जिले से खरखौदा को अलग रखने की घोषणा
- शहर की जल निकासी के लिए विशेष परियोजना को मंजूरी
- आईएमटी में युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना
- खरखौदा को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की घोषणा
- खरखौदा से दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन तक यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने की पहल
प्रशासन और जनता की निगाहें अब इस विकास रैली पर टिकी हैं, जहां मुख्यमंत्री से इन मुद्दों पर अहम घोषणाओं की उम्मीद की जा रही है।