रेवाड़ी। सीआईए और थाना कोसली पुलिस की संयुक्त टीम ने 23 दिसंबर को गांव बहाला निवासी खाद-बीज व्यापारी मोहन की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में जिला हिसार के मोहब्बतपुर निवासी जयप्रकाश उर्फ जयवीर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी जयप्रकाश उर्फ जयवीर ने खुलासा किया कि वह जेबीएस एग्रो कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर है और मृतक मोहन उसकी कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर था। कुछ समय पहले आपसी विवाद के चलते मोहन ने कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरी छोड़ दी थी। इसके बाद मोहन अपने अधीन जुड़े कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर कंपनी पर लगातार दबाव बना रहा था, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा था।
इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मोहन की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिलवाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने चार विशेष पुलिस टीमें गठित की थीं। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
दुकान में घुसकर मारी गई थी गोली
एसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मृतक के पुत्र दुष्यंत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता गांव में ‘मोहन ट्रेडर्स’ के नाम से खाद-बीज की दुकान चलाते थे। 23 दिसंबर की शाम वे दुकान के बाहर बैठे थे, तभी एक एंडेवर गाड़ी दुकान के पास चौराहे पर आकर रुकी।
गाड़ी से उतरे दो युवक दवाई खरीदने के बहाने दुकान में घुसे। अंदर जाते ही एक युवक ने मोहन के सिर में गोली मार दी। मोहन के जमीन पर गिरते ही दूसरे युवक ने भी उस पर गोली चला दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दुष्यंत ने इस हत्या के पीछे हिसार निवासी जयप्रकाश उर्फ जयवीर पर शक जताया था। पुलिस ने थाना कोसली में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसमें अब आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई है।