जालंधर | पंजाब सरकार ने नए साल की शुरुआत के साथ राज्य के सभी नागरिकों के लिए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने का ऐलान किया है। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा, जिससे वे सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में भी मुफ्त इलाज करा सकेंगे।
जालंधर जिले के ब्लॉक आदमपुर में इस योजना के अंतर्गत 8 जनवरी से लाभार्थियों के बीमा कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। योजना के सफल क्रियान्वयन और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से सीएचसी आदमपुर में आशा वर्कर्स की एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग के दिशा-निर्देशों और सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. कुलदीप सिंह की देखरेख में हुई, जिसमें आशा वर्कर्स को योजना से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं। एसएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि योजना के तहत हर गांव में विशेष कैंप लगाए जाएंगे और बीमा कार्ड गांवों में संचालित कॉमन सर्विस सेंटरों के माध्यम से बनाए जाएंगे।
उन्होंने आशा वर्कर्स को निर्देश दिए कि वे लोगों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभों के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकें। बैठक में डॉ. हरप्रीत सिंह और बीईई चंदन मिश्रा भी मौजूद रहे।