पानीपत | शहर के पसीना रोड स्थित सचदेव टेक्सटाइल फैक्ट्री में सोमवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री से उठता धुएं का गुबार आसपास के क्षेत्रों तक फैल गया।
आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक फैक्ट्री में रखी मशीनें और कच्चा माल पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फैक्ट्री मालिक भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं। उनके अनुसार, अभी नुकसान का सटीक आंकलन किया जा रहा है, लेकिन आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।