Mandi, Dharamveer-:छोटी काशी मंडी में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 को लेकर खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव के दौरान इस बार मैराथन सहित कुल 14 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि इन सभी प्रतियोगिताओं की थीम “चिट्टे जैसे नशे के खिलाफ” रखी गई है, ताकि खेलों के माध्यम से समाज को नशामुक्ति का सशक्त संदेश दिया जा सके।
इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर खेल समिति की अहम बैठक पुलिस लाइन मंडी में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता खेल समिति अध्यक्ष एवं एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने की। बैठक के दौरान विभिन्न खेल उप-समितियों का गठन किया गया और उन्हें संबंधित जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव के दौरान जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इनमें क्रिकेट, कुश्ती, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, मैराथन, रस्सा कस्सी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, शूटिंग और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख रहेंगी। उन्होंने कहा कि खेलों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
एसपी मंडी ने यह भी बताया कि गठित उप-समितियां अपने-अपने स्तर पर बैठकों का आयोजन कर खेल प्रतियोगिताओं की तिथियां और अन्य व्यवस्थाएं तय करेंगी। इन सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद शिवरात्रि महोत्सव के दौरान होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं का विस्तृत शेड्यूल जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 16 से 22 फरवरी तक मंडी में बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जिनके आयोजन की जिम्मेदारी मंडी पुलिस द्वारा निभाई जाती है।