Dharamshala, Rahul-:धर्मशाला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल जैसे आयोजन प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व और स्पष्ट विकास विजन का जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल मनोरंजन तक सीमित हैं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि कांगड़ा वैली कार्निवाल एक ऐसा मंच बनकर उभरा है, जो सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के माध्यम से “चिट्टा मुक्त हिमाचल” का सशक्त संदेश आम लोगों तक पहुंचाया गया, जो प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने बताया कि 24 से 31 दिसंबर तक आयोजित इस भव्य कार्निवाल के दौरान शोभायात्रा, रन फॉर फन मैराथन, विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, साहित्य उत्सव, सांस्कृतिक संध्याएं और अत्याधुनिक ग्रैंड ड्रोन शो जैसे कार्यक्रम लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन आयोजनों में स्थानीय कलाकारों, खिलाड़ियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर अवसर मिला।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल अब एक लैंडमार्क इवेंट के रूप में स्थापित हो चुका है, जिसने कांगड़ा क्षेत्र को सांस्कृतिक और पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है और पर्यटन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन कांगड़ा के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।