मुल्लांपुर दाखा |वाहन चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। ताजा मामला सुआ रोड गली नंबर-2 का है, जहां एक घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई।
स्थानीय निवासी संजय कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की और थोड़ी देर के लिए अंदर चले गए। वापस आने पर देखा कि मोटरसाइकिल गायब थी। बाद में CCTV फुटेज देखने पर पाया गया कि एक संदिग्ध युवक गली में घूम रहा था। कुछ देर बाद उसने मौका देखकर मोटरसाइकिल की चाबी लगाई, पहले पैदल उसे थोड़ी दूर ले गया और फिर स्टार्ट कर फरार हो गया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और CCTV फुटेज को कब्जे में लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
इलाके के लोग बढ़ती चोरी की वारदातों को लेकर नाराज हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से गश्त तेज करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।