लुधियाना | लुधियाना निवासी मेधावी छात्र प्रणव गुप्ता ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से आयोजित बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे शहर में खुशी का माहौल है। प्रणव, हितेश गुप्ता और श्रीमती भावना गुप्ता के पुत्र हैं। वे शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आ रहे हैं। अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रणव ने इसका श्रेय अपने माता-पिता के निरंतर सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और विषय की गहरी समझ उनकी सफलता की कुंजी रही। प्रणव के पिता हितेश गुप्ता ने बेटे की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि प्रणव की मेहनत और अनुशासन आज रंग लाया है। परिवार के लिए यह बेहद गौरव का क्षण है। फिलहाल प्रणव भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), नागपुर से एमबीए की पढ़ाई कर रहे हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में कॉर्पोरेट क्षेत्र में अपनी प्रबंधन क्षमताओं के माध्यम से योगदान देना है। प्रणव की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी है।