पंचकूला | हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने पुलिस कांस्टेबल के कुल 5500 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी है। इनमें 4500 पद पुरुष कांस्टेबल, 600 पद महिला कांस्टेबल और 400 पद हरियाणा रेलवे पुलिस के लिए निर्धारित किए गए हैं।
आवेदन प्रक्रिया 11 जनवरी 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 25 जनवरी 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती के लिए किसी भी प्रकार का आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह भर्ती संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) के दूसरे चरण के तहत की जा रही है।
शैक्षणिक योग्यता के अनुसार अभ्यर्थी का 12वीं पास होना अनिवार्य है, जबकि 10वीं तक हिंदी और संस्कृत का ज्ञान आवश्यक रखा गया है। आयु सीमा 1 जनवरी 2026 तक 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। वर्ष 2024 में पुलिस भर्ती के लिए आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को भी नए सिरे से आवेदन करना होगा। पूर्व सैनिकों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी।
शारीरिक मापदंडों की बात करें तो पुरुषों के लिए न्यूनतम लंबाई 170 सेमी (आरक्षित वर्ग के लिए 168 सेमी) और महिलाओं के लिए 158 सेमी (आरक्षित वर्ग के लिए 156 सेमी) तय की गई है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए छाती का न्यूनतम 4 सेमी फुलाव जरूरी होगा। दौड़ में पुरुषों को 2.5 किलोमीटर 12 मिनट में, महिलाओं को 1 किलोमीटर 6 मिनट में और पूर्व सैनिकों को 1 किलोमीटर 5 मिनट में पूरी करनी होगी।
शारीरिक मापन और स्क्रीनिंग परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ज्ञान परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन के बाद करेक्शन पोर्टल नहीं खोला जाएगा, इसलिए अभ्यर्थी आवेदन करते समय पूरी सावधानी बरतें।