Mandi, Dharamveer-:मंडी जिले के सुंदरनगर शहर के 18 वर्षीय आर्यन ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ‘मिस्टर टीन आइकन इंडिया 2025’ का खिताब जीत लिया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता बीती 29 दिसंबर को नोएडा फिल्म सिटी में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से आए प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए आर्यन ने यह ताज अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्हें उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति और आत्मविश्वास के लिए ‘बेस्ट पर्सनालिटी अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया गया।
कम उम्र में ही मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखने वाले आर्यन ठाकुर आज युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं। मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने बेहद कम समय में अपनी अलग पहचान बना ली है। आर्यन इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने मिस्टर एंड मिस नॉर्दर्न इंडिया प्रतियोगिता में फर्स्ट रनरअप का खिताब जीता, वहीं “मोस्ट हैंडसम” का विशेष पुरस्कार भी उनके नाम रहा। इसके अलावा मिस्टर एंड मिस इंडिया एक्सॉटिक 2025 प्रतियोगिता में उन्होंने दूसरे उपविजेता का स्थान हासिल किया।
आर्यन का कहना है कि उनका सपना मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री में देश का नाम रोशन करना है। वह युवाओं को संदेश देते हैं कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता जरूर मिलती है।मॉडलिंग के साथ-साथ आर्यन ठाकुर खेल जगत में भी अपनी मजबूत पहचान रखते हैं। वह एक बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ी हैं और कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। आर्यन अंडर-16 इंडिया कैंप में भाग ले चुके हैं,वहीं अंडर-17 और अंडर-20 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।अंडर-20 प्रतियोगिता में वह शीर्ष गोल स्कोरर भी रहे। हाल ही में ऊना में आयोजित संतोष ट्रॉफी कैंप में भाग लेकर उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
आर्यन के पिता राजेश ठाकुर सुंदरनगर के जाने-माने फोटोग्राफर हैं और क्षेत्र में उनका प्रतिष्ठित फोटोग्राफी स्टूडियो है। वहीं उनकी माता मंजू ठाकुर ने बेटे की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आर्यन पूरे परिवार के सपनों को साकार कर रहा है। उन्होंने बताया कि परिवार आर्यन को हर कदम पर पूरा सहयोग दे रहा है।आर्यन ठाकुर की यह उपलब्धि न केवल सुंदरनगर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।