पंचकूला | हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी की राजनीतिक ट्रेनिंग पर सवाल खड़े किए हैं। विज ने कहा कि राहुल गांधी अब हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कांग्रेस जिला अध्यक्षों की बैठक लेने आ रहे हैं और उन्हें वही “ट्रेनिंग” दी जाएगी, जिसमें चुनाव हारने और बिना असर वाले एक्शन करना सिखाया जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस वर्षों से जिस तरह के राजनीतिक फैसले लेती आ रही है, उसी का अभ्यास अपने नेताओं को करवाएगी।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान पर पलटवार करते हुए अनिल विज ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में करीब 1500 एंटी-सोशल एलिमेंट्स को जेल भेजा गया है और शेष के खिलाफ कार्रवाई जारी है। विज ने हुड्डा से सवाल किया कि वे अपने कार्यकाल में यह बताएं कि कितने असामाजिक तत्वों को सलाखों के पीछे डाला गया था।
श्रम विभाग में कथित घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी नेता अनुराग ढांडा के आरोपों पर विज ने कहा कि उन्हें पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित योजना वर्ष 2007 से चल रही है और जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किसके शासनकाल में कितनी अनियमितताएं हुईं।
मानेसर भूमि घोटाले पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि “जो करेगा, वही भरेगा।” उन्होंने कहा कि अदालत का फैसला जो भी होगा, सरकार उसका सम्मान करेगी।
इसके साथ ही अनिल विज ने एनएचएआई अधिकारियों को अंबाला से शामली तक प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सड़क दिल्ली, पोंटा साहिब और अन्य प्रमुख मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी देगी, जिससे आम लोगों को समय और संसाधनों की बड़ी बचत होगी।