Dharamshala, Rahul-:हिमाचल प्रदेश सरकार ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में 19 वर्षीय छात्रा की मौत और कथित रैगिंग व यौन उत्पीड़न के मामले की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की है। यह उच्चस्तरीय समिति अतिरिक्त निदेशक (कॉलेज) डॉ. हरीश कुमार की अध्यक्षता में बनाई गई है और इसमें तीन कॉलेज प्राचार्य और शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधीक्षक सहित कुल पांच सदस्य शामिल हैं।
समिति ने सोमवार को कॉलेज का दौरा कर मामले से जुड़ी सभी जानकारियां और साक्ष्य एकत्र किए। समिति ने प्रशासन से विस्तृत जानकारियां लेने के साथ ही कॉलेज परिसर में मौजूद परिस्थितियों का भी अवलोकन किया। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य राकेश पठानिया ने बताया कि उच्चस्तरीय टीम हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है, लेकिन उन्होंने मीडिया के सामने इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से इंकार किया।सूत्रों के अनुसार फैक्ट फाइंडिंग कमेटी छात्रा की मौत, कथित रैगिंग और यौन उत्पीड़न से संबंधित सभी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी। समिति को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।