नूंह | नूंह जिले के गांव अकेड़ा में लंबे समय से अधूरे पड़े यूनानी मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अब जल्द पूरा होगा। हरियाणा सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 18.40 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। सरकार के इस फैसले से क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को बड़ा बल मिलने की उम्मीद है।
यूनानी मेडिकल कॉलेज की आधारशिला वर्ष 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रखी थी। शुरुआती दौर में निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन बजट की कमी और निर्माण एजेंसी के बीच में काम छोड़ देने के कारण परियोजना केवल करीब 52 प्रतिशत ही पूरी हो सकी थी। वर्षों से अधूरी इमारत स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए इसे डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा करने का संकल्प लिया है। सरकार द्वारा धनराशि जारी किए जाने के बाद अब निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। निर्माण की जिम्मेदारी जींद की एक एजेंसी को सौंपी गई है।
कॉलेज भवन के पूर्ण होने के बाद शुरुआती दो वर्षों तक यहां यूनानी अस्पताल का संचालन किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को इलाज की सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज से जुड़ी सभी शैक्षणिक औपचारिकताएं भी इसी अवधि में पूरी की जाएंगी।
यूनानी मेडिकल कॉलेज में बैचलर ऑफ यूनानी मेडिसिन एंड सर्जरी (BUMS) का पांच वर्षीय पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा, जिसमें 50 से 55 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। पाठ्यक्रम के बाद छह माह की इंटर्नशिप भी अनिवार्य होगी। दाखिला नीट के माध्यम से किया जाएगा।
इस परियोजना को लेकर नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद लगातार सरकार का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं। उन्होंने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी यह मुद्दा उठाया था। विधायक आफताब अहमद ने कहा कि भले ही देर से सही, लेकिन सरकार ने अब इस महत्वपूर्ण योजना की सुध ली है। यूनानी मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से न केवल स्थानीय युवाओं को शिक्षा के अवसर मिलेंगे, बल्कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।