पंचकूला | पंचकूला में आर्थिक लेनदेन से जुड़े एक गंभीर मामले में क्राइम ब्रांच-19 ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को पुलिस टीम ने सेक्टर-17 स्थित हाउस नंबर-128 में छापेमारी की, जहां फाइनेंसर मुकेश गोयल का आवास है। यह कार्रवाई करीब 80 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े मामले को लेकर की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला सेक्टर-27 निवासी कपिल चावला की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि फाइनेंसर मुकेश गोयल ने एक महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और लोन से संबंधित लेनदेन में अनियमितताएं की गईं।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने फाइनेंसर के आवास पर छापा मारकर लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य अहम साक्ष्यों की जांच की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वित्तीय रिकॉर्ड की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि लेनदेन में कितनी गड़बड़ी हुई है और आगे किन धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।