चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा सचिवालय ने स्पीकर हरविंद्र कल्याण की तस्वीर का व्यवसायिक विज्ञापनों में उनकी अनुमति के बिना इस्तेमाल किए जाने पर कड़ा संज्ञान लिया है। मामला करनाल के घरौंडा की एक प्रॉपर्टी डीलिंग फर्म द्वारा नए साल के मौके पर प्रकाशित किए गए व्यवसायिक विज्ञापन का है, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष की फोटो का प्रयोग किया गया था।
सचिवालय का निर्देश
सचिवालय ने करनाल जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि स्पीकर संवैधानिक पद पर हैं और उनकी तस्वीर का इस तरह बिना अनुमति उपयोग करना अनुचित है। ऐसे प्रकाशन न केवल आम जनता को, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों को भी भ्रमित कर सकते हैं। पत्र में उपायुक्त से मामले की पूरी जांच करने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
सचिवालय के पत्र जारी होने के बाद करनाल जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विज्ञापन प्रकाशित करवाने वाला व्यक्ति पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है। प्रशासन जल्द ही उसे तलब करेगा और बिना अनुमति स्पीकर की फोटो इस्तेमाल करने का स्पष्टिकरण मांगेगा।
इस मामले में आगे की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट प्रशासन से मांगी गई है, ताकि भविष्य में ऐसे अनुचित उपयोग को रोका जा सके और संवैधानिक पदों की गरिमा को बनाए रखा जा सके।