पलवल | पलवल क्राइम ब्रांच की टीम ने बघोला गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गश्त के दौरान अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दुधौला निवासी यश के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि यश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सर्विस रोड पर शिव मंदिर के पास खड़ा है।
सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान यश की पैंट की जेब से एक अवैध कट्टा बरामद हुआ। युवक के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने अवैध हथियार को जब्त कर सील कर दिया है और यश के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अपराधों को रोकने में बड़ी मदद मिली है।