कैथल । हरियाणा के कैथल जिले के रोहेड़ियां गांव में पिछले तीन साल से आरओ प्लांट खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीण पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। कई बार ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पीने के पानी की सुविधा न मिलने के कारण आरओ प्लांट लगाने का उद्देश्य ही अधूरा रह गया है। राजेश कुमार, काला राम, रणजीत, सुमित, अनिल कुमार, नरेश कुमार, पवन कुमार, तेजभान, बिंटू और राजा राम ने बताया कि पुराने पंचायती कार्यकाल में प्लांट ठीक चलता था, लेकिन पिछले तीन साल से यह बंद पड़ा है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने भी समस्या के बारे में कहा कि उन्हें खराब आरओ प्लांट के कारण दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है। रेनू, रीतू, बबीता, बाला, सीता, पूनम और गुड्डी ने बताया कि पंचायत और संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने का दावा करती है, लेकिन गांव में खराब पड़े आरओ सिस्टम को ठीक नहीं किया जा रहा है। खराब हुए प्लांट अब कबाड़ की तरह जमा हो रहे हैं और लोग मांग कर रहे हैं कि इन्हें ठीक करवाने के साथ-साथ गांव के मुख्य बस अड्डा पर नया प्लांट लगाया जाए।
गांव के सरपंच जसमेर चंद ने बताया कि आरओ प्लांट की मरम्मत के लिए बजट की मांग भेजी गई है। जैसे ही बजट आता है, खराब आरओ प्लांट को ठीक करवाया जाएगा और ग्रामीणों को स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा।