सोनीपत | रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और सरकार केवल नाम बदलने की राजनीति तक सीमित रह गई है। मंगलवार को वे सोनीपत के गांव मल्हा माजरा पहुंचे, जहां हाल ही में हुए साहिल हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित की मां के आंसू पोंछते हुए न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जबकि पुलिस प्रशासन पूरी तरह विफल नजर आ रहा है। उन्होंने सलीमपुर ट्राली में आशा वर्कर की हत्या और मल्हा माजरा के साहिल हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक किसी भी मामले में ठोस गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उन्होंने डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान से फोन पर बात कर जांच की स्थिति की जानकारी ली और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि हरियाणा एसटीएफ स्वयं मान चुकी है कि प्रदेश में 88 से अधिक गैंग सक्रिय हैं, जो कानून व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस को दो दिन का समय दिया जा रहा है, इसके बाद कांग्रेस अपने तरीके से कार्रवाई करेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मनरेगा का नाम बदलकर “वीबी जी राम जी” किए जाने पर हुड्डा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के पास विकास के नाम पर कुछ नहीं है, इसलिए केवल योजनाओं के नाम बदले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बदलाव के साथ मनरेगा का बजट भी घटा दिया गया है। हुड्डा ने कहा कि अगर भगवान श्रीराम के नाम पर नई योजना बनानी है तो खुलकर बनाई जाए, कांग्रेस समर्थन करेगी, लेकिन गरीबों की योजनाओं में कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी।
पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खातों में 133 करोड़ रुपये होने पर कार्रवाई होती है, जबकि भाजपा के पास हजारों करोड़ की राशि होने के बावजूद कोई जांच नहीं होती। उन्होंने इसे लोकतंत्र और मीडिया दोनों के लिए खतरा बताया।