Hamirpur,Arvind-:हमीरपुर जिले में हाल के दिनों में सामने आ रही लड़ाई-झगड़े और हुड़दंग की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले की शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हमीरपुर पुलिस अब ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी। पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने साफ शब्दों में कहा है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ निर्णायक और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने कहा कि असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया को सख्ती से लागू किया जाएगा। लड़ाई-झगड़ा, हुड़दंगबाजी या शांति भंग करने वाले तत्वों का आपराधिक रिकॉर्ड संबंधित विभागों और संस्थानों के साथ साझा किया जाएगा, ताकि ऐसे लोगों पर हर स्तर पर जवाबदेही तय की जा सके।उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी विभाग या निजी कंपनी में कार्यरत पाया जाता है और वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी सिफारिश की जाएगी। वहीं, यदि कोई व्यक्ति स्वयं का व्यापार करता है, तो पुलिस उसके व्यवसाय से जुड़े पहलुओं की भी गहन जांच करेगी। पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति अपने पद, पेशे या पहचान का दुरुपयोग कर कानून से ऊपर न रहे।
एसपी ने हाल ही में सालसी क्षेत्र में हुई एक गंभीर घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में ढाबा संचालक, एक निजी कंपनी में कार्यरत युवक और एक आर्मी जवान का नाम सामने आया था। इस घटना ने जिले की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि चाहे व्यक्ति किसी भी वर्ग या क्षेत्र से जुड़ा हो, यदि वह हुड़दंग, मारपीट या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।