सिरसा, हरियाणा। हरियाणा सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से बौना भत्ता योजना के तहत शारीरिक रूप से बौने व्यक्तियों को मासिक आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को प्रति माह 3,000 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में जमा किए जाते हैं। वर्तमान में जिले के सात व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह योजना शारीरिक रूप से सीमित लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने और अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी करने में मदद कर रही है। साथ ही, यह उन लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिन्हें शारीरिक ऊंचाई की वजह से रोजगार प्राप्त करने में कठिनाई आती है।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का पिछले एक साल से हरियाणा में निवास होना आवश्यक है। साथ ही, सिविल सर्जन द्वारा जारी बौना प्रमाण पत्र जरूरी है, जिसमें पुरुष की लंबाई 3 फीट 8 इंच और महिला की लंबाई 3 फीट 3 इंच हो।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार ऑनलाइन फार्म भरकर सत्यापित दस्तावेजों के साथ कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन फार्म 60 दिनों के भीतर स्वीकृत कर दिया जाता है। आवश्यक दस्तावेजों में राशन कार्ड, वोटर आईडी, आधार कार्ड और सिविल सर्जन का प्रमाण पत्र शामिल हैं।
अधिकारी बताते हैं कि योजना के तहत दी जाने वाली राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा होती है, जिससे पारदर्शिता और सुविधाजनक वितरण सुनिश्चित होता है।