फतेहाबाद | फतेहाबाद में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी जिला उपायुक्त (डीसी) के आधिकारिक ई-मेल पर प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया। एहतियातन पूरे लघु सचिवालय परिसर को सील कर दिया गया और आमजन की आवाजाही पर तत्काल रोक लगा दी गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह कार्यालय खुलने के समय डीसी कार्यालय के अधिकारियों ने मेल चेक किया, जिसमें लघु सचिवालय को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। संदेश मिलते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया और पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। एंट्री गेट बंद कर दिए गए और परिसर के भीतर मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हिसार से बम स्क्वॉड टीम को बुलाया गया है। विशेषज्ञ टीम द्वारा पूरे भवन और आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी की जा रही है। जांच पूरी होने और सुरक्षा एजेंसियों की क्लियरेंस के बाद ही कार्यालयों को दोबारा खोले जाने का निर्णय लिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि धमकी की सत्यता की जांच के साथ-साथ मेल भेजने वाले की पहचान के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। साइबर सेल को अलर्ट कर दिया गया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर स्रोत का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी सुरक्षा उपाय लागू हैं।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग की अपील की है। वहीं, जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।