मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में मजबूती देखी गई। बीएसई सेंसेक्स 660.17 अंक की तेजी के साथ 84,042.88 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 172.90 अंक बढ़कर 25,838.50 अंक पर ट्रेड करने लगा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में आईटी और बैंकिंग सेक्टर की कंपनियों के शेयरों में तेजी रही। इन्फोसिस के शेयरों में लगभग 5 प्रतिशत का उछाल आया। इसके अलावा टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और एचसीएल टेक के शेयरों में भी मजबूती रही।
वहीं, कुछ कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। इटर्नल, भारती एयरटेल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर नुकसान में रहे।
एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कॉस्पी इंडेक्स मजबूत रहा, जबकि जापान का निक्की 225, चीन का SSE कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में बंद हुए। अमेरिकी बाजार भी बृहस्पतिवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रेंट क्रूड का भाव 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.61 डॉलर प्रति बैरल रहा। वहीं, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बात करें तो बुधवार को उन्होंने शुद्ध रूप से 4,781.24 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जिससे बाजार पर दबाव भी रहा।
विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में यह तेजी आईटी और बैंकिंग शेयरों में निवेशकों की विश्वास बढ़ने के कारण आई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय और घरेलू आर्थिक कारक शेयरों के रुझान को प्रभावित कर रहे हैं।