Kangra, Sanjeev-:जसूर कस्बा में रोज़ाना लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से आम जनता को राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। डीएसपी नूरपुर चंद्रपाल सिंह की अध्यक्षता में पुलिस टीम ने जसूर बाजार का निरीक्षण कर जाम के कारणों का मौके पर जायज़ा लिया और संबंधित पक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पाया कि बाजार क्षेत्र में कई दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलाने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे न केवल वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी जोखिम उठाना पड़ रहा है।इस अवसर पर एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि भविष्य में कोई भी दुकानदार अपनी दुकान का सामान सड़क या फुटपाथ पर नहीं रखेगा। सभी व्यापारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपना सामान दुकान के भीतर ही व्यवस्थित रूप से सजाएं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी को भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर मलबा या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और ट्रैफिक के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि निर्माण एजेंसी की लापरवाही से जाम की स्थिति बनी, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी कि नियमों की अवहेलना करने वाले दुकानदारों या अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ चालान सहित सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि आम जनता को रोज़ाना जाम से राहत दिलाना और बाजार क्षेत्र में सुरक्षित व सुव्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करना है।स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि निरीक्षण और सख्ती के बाद जसूर बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।