जालंधर। पंजाब के जालंधर शहर के न्यू विजय नगर इलाके में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां कांग्रेसी विधायक बिक्रम चौधरी के रिश्तेदार की कोठी में अचानक आग लग गई। इस हादसे में घर के भीतर मौजूद 30 वर्षीय युवती की जिंदा जलने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब 7:51 बजे की है। थाना नंबर-4 की एसएचओ अनु पलायन ने बताया कि मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। तब तक घर का एक कमरा पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था। आग बुझाने के बाद जब कमरे की तलाशी ली गई, तो बैड पर एक युवती का जला हुआ शव मिला।
बताया जा रहा है कि मृतक युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। इसी कारण वह न तो आग लगने पर शोर मचा सकी और न ही समय रहते कमरे से बाहर निकल पाई। आग की तेज लपटों में घिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान की दीवारों पर लगी पीवीसी शीट के कारण आग तेजी से फैल गई। पुलिस को संदेह है कि आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी, हालांकि सटीक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। मृतका की पहचान कांग्रेसी विधायक बिक्रम चौधरी की भांजी के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की गहन जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।