उचाना। किसानों की लंबित मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन की तैयारी तेज हो गई है। किसान नेता दलजीत सिंह डल्लेवाल और अभिमन्यु कोहाड़ ने ‘किसान जागृति यात्रा’ का एलान किया है, जो 7 फरवरी को कन्याकुमारी से शुरू होकर कश्मीर तक जाएगी। इस ऐतिहासिक यात्रा का समापन 19 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित विशाल किसान महापंचायत के साथ होगा।
इस यात्रा की तैयारियों को लेकर बीकेयू (एकता सिधुपूर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दलजीत सिंह डल्लेवाल उचाना खुर्द पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों के साथ बैठक कर आंदोलन की रूपरेखा साझा की। बैठक की अध्यक्षता जिला महासचिव अनिल बेनीवाल ने की, जबकि राज्य प्रधान अभिमन्यु कोहाड़ विशेष रूप से मौजूद रहे।
डल्लेवाल ने कहा कि यात्रा से पहले गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, कर्ज मुक्ति, बिजली संशोधन बिल, भूमि अधिग्रहण जैसे अहम मुद्दों पर जागरूक करना है। इन मांगों को लेकर एक प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिस पर देशभर के किसानों के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। यह प्रस्ताव 19 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपा जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को आज उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। सरकार एमएसपी पर खरीद का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। किसान कर्ज में डूबते जा रहे हैं।
अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि यात्रा के दौरान पैदल मार्च, ट्रैक्टर मार्च और वाहनों के काफिले शामिल होंगे। उन्होंने जमीन बचाने को सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि जमीन और खेती बचेगी तभी किसानों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। सरकार की गलत नीतियों और भूमि अधिग्रहण के प्रयासों का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
इस मौके पर विक्की ढांडा, सुनील उझाना, कृष्ण, गेजी, सुरेंद्र और बलवंत सहित कई किसान नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।