जालंधर। जालंधर वेस्ट क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भाजपा के एक पार्षद के रिश्तेदार युवक ने खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक भाजपा पार्षद मनजीत सिंह टीटू के भांजे का बेटा है। युवक की उम्र करीब 21 वर्ष बताई जा रही है और वह बस्ती शेख क्षेत्र के उजाला नगर का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया।
परिजनों और पार्षद की ओर से बताया गया कि युवक पिछले कुछ समय से कारोबार में नुकसान होने के कारण मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजहों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवक द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही, पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय युवक घर में अकेला था या नहीं।
इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि युवक के बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।