लेह (लद्दाख) | लेह, लद्दाख में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। बर्फीले मैदानों पर दमदार खेल दिखाते हुए हरियाणा ने कुल छह स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया और मेजबान लद्दाख को पीछे छोड़ते हुए चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। यह पहली बार है जब हरियाणा ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स में ओवरऑल खिताब अपने नाम किया है।
हरियाणा आइस स्केटिंग संघ के प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र लोहान और महासचिव दीपक कोहाड़ ने बताया कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का ही परिणाम है कि प्रदेश ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हरियाणा में विंटर स्पोर्ट्स के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अहम कदम है।
स्वर्ण पदक जीतने वालों में गुरुग्राम की गौरी रॉय और हिया अदलखा, अंबाला के सचिन सिंह, हिसार के रोहित, गुरुग्राम के आरव और रेवाड़ी के जय यादव शामिल हैं। वहीं फतेहाबाद के कपिश कौशिक ने रजत पदक जीतकर टीम के खाते में एक और सफलता जोड़ी। फरीदाबाद के जतिन शेरावत और चेल्सी सिंह ने कांस्य पदक हासिल कर हरियाणा का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता के बाद जब विजेता खिलाड़ी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। हरियाणा आइस स्केटिंग संघ के पदाधिकारियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। फूल मालाएं पहनाकर, पगड़ी बांधकर और मिठाइयां खिलाकर खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
इस मौके पर भारतीय आइस स्केटिंग संघ के तकनीकी अधिकारी पंकज चौधरी, हरियाणा टीम के मैनेजर कुणाल लोहान, कोच प्रमोद कौशिक, कोच सोनू शेरावत और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सचिन सिंह मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए हरियाणा को विंटर गेम्स का नया सिरमौर बताया।