गुरुग्राम। भोंडसी थाना क्षेत्र में सोहना–गुरुग्राम रोड पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे खराब हालत में खड़े एक ट्रक से बाइक पीछे से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही हालत नाजुक हो गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सोहना के वार्ड नंबर-19 निवासी जावेद के रूप में हुई है। जावेद गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और शनिवार को ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भोंडसी क्षेत्र में मनसा गार्डन के पास फ्लाईओवर पर खड़ा एक ट्रक उनकी बाइक की चपेट में आ गया।
अंधेरे में नहीं दिखा खराब ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रक सड़क पर खराब हालत में खड़ा था, लेकिन चालक ने न तो ट्रक की पार्किंग लाइट जलायी थी और न ही पीछे कोई चेतावनी संकेत या ट्रैफिक स्टॉपर लगाया गया था। अंधेरा होने के कारण जावेद को ट्रक समय रहते दिखाई नहीं दिया और तेज रफ्तार बाइक सीधे ट्रक से जा टकराई।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
ट्रक चालक पर केस दर्ज
भोंडसी थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना ढंग से वाहन खड़ा करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और खराब वाहनों को बिना चेतावनी सड़क पर खड़ा करने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।