पलवल | पलवल की ओमेक्स सिटी में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। छात्रों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में चार युवक घायल हुए हैं, जिनमें एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित आकाश, निवासी ओमेक्स सिटी, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विवाद की शुरुआत 30 जनवरी की शाम एक छोटी-सी कहासुनी से हुई थी। वह स्कूटी से बाजार जा रहा था, तभी रास्ते में खड़ी एक काली गाड़ी को साइड देने के लिए उसने हॉर्न बजाया। इसी बात पर गाड़ी में सवार युवकों ने गाली-गलौच की और उसके साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी धमकी देकर वहां से चले गए।
अगले दिन 31 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे आकाश अपने दोस्तों हर्ष, ईशांत और भोला के साथ स्कूल की फेयरवेल पार्टी में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही वे ओमेक्स मंदिर के पास पहुंचे, तभी एक काली स्कॉर्पियो में सवार हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी हाथों में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियार लिए हुए थे। उन्होंने चारों युवकों को जबरन गाड़ी से बाहर खींचा और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले के दौरान एक आरोपी ने आकाश के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत पलवल के अस्पताल में भर्ती कराया गया। सन्नी नामक युवक की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।