नाभा | नाभा जेल में बंद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात के बाद राधा स्वामी डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों का अहम बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत में बाबा ढिल्लों ने मजीठिया पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें गलत बताया।
बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि बिक्रम सिंह मजीठिया उनके पुराने मित्र हैं और इसी नाते वे उनसे मिलने आए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत संबंध और सरकार की कार्रवाई दो अलग-अलग विषय हैं। बाबा ढिल्लों ने कहा, “मजीठिया मेरा मित्र है, इसलिए मैं उनसे मिलने आता रहूंगा। रिश्ते अपनी जगह हैं और सरकार अपनी जगह। उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गलत हैं, लेकिन इस पर सार्वजनिक टिप्पणी करना मेरे लिए उचित नहीं है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जेल के भीतर हुई बातचीत को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता और हर बात मीडिया के सामने रखना जरूरी नहीं होता। बाबा ढिल्लों के इस बयान को मजीठिया के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि बिक्रम सिंह मजीठिया इस समय आय से अधिक संपत्ति के मामले में न्यायिक हिरासत में नाभा जेल में बंद हैं। इससे पहले भी शिरोमणि अकाली दल के कई वरिष्ठ नेता, राजनीतिक हस्तियां और धार्मिक प्रतिनिधि उनसे मुलाकात कर चुके हैं।
बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के बयान के बाद पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात और बयान को लेकर चर्चाएं तेज हैं और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक असर दिखने की संभावना जताई जा रही है।