लुधियाना | शहर के कारोबारी पंकज कुमार के साथ एक बड़े धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फर्जी ट्रांसपोर्टर ने उन्हें भरोसा दिलाकर करीब 21 लाख रुपये कीमत का माल हड़प लिया और फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खुद को “राव केरियर एंड ट्रांसपोर्ट” कंपनी का मालिक बताया। इसके बाद पंकज कुमार ने अपनी फर्म से 6 दिसंबर से 12 दिसंबर 2025 के बीच आंध्र प्रदेश के लिए तैयार माल भेजा। आरोप है कि आरोपियों सोनू और शाहरुख ने मिलीभगत कर माल को मंजिल तक नहीं पहुंचाया और रास्ते में ही अपने कब्जे में ले लिया।
पीड़ित पंकज कुमार ने बताया कि आरोपियों ने विश्वास जीतने के लिए सोची-समझी रणनीति अपनाई और उन्हें भरोसा दिलाकर माल भेजने के लिए राजी किया। माल की कुल कीमत 21 लाख 18 हजार 641 रुपये बताई गई है।
थाना टिब्बा पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की लंबी जांच की और अब आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी फर्जी ट्रांसपोर्टर या संदिग्ध व्यक्ति के संपर्क में आने से पहले पूरी जांच कर लें।